कई जगह कटान कर रही गंगा, गांवों से उतरा मालन का पानी
मंडावर/बेगावाला। पहाड़ों पर बारिश कम होने से मैदान में भी नदियों का उफान कम हो गया है। गांव ब्रह्मपुरी व मुजफ्फरपुर केशो में भरा मालन का पानी उतर गया है। गंगा का पानी कई जगह खेतों में कटान कर रहा है। खेतों में अभी भी गंगा और मालन का पानी भरा हुआ है। दो -तीन दिन और पहाड़ों पर बारिश नहीं हुई तो खेतों में भरा पानी भी उतर जाएगा।
तीन दिन से मैदान में बारिश नहीं हुई है। पहाड़ों पर बारिश कम होने से अब मैदान में नदियों का प्रकोप कम होने लगा है। गंगा और मालन का जलस्तर अब सामान्य हो गया है। हालांकि खादर में गंगा की तेज धारा अब कटान करने लगी है। गंगा कोहरपुर, मीरापुर व सीमली की ओर गंगा खेतों में कटान करते हुए गांवों की ओर बढ़ रही है। फतेहपुर सभाचंद और सीमली में गंगा के दूसरी ओर भी गंगा खेतों में कटान कर रही है। गांव ब्रह्मपुरी और मुजफ्फरपुर केशो में तीन दिन से भरा पानी भी शनिवार रात उतर गया। हालांकि तटीय गांवों के खेतों में अब भी हजारों बीघा खेतों में गंगा और मालन का पानी भरा हुआ है। गांव रावली में मालन के रपटे पर शनिवार को दो फीट तक पानी चल रहा था। अब रपटे एक फीट तक पानी चल रहा है। किसानों राजपाल सिंह, करतार सिंह का कहना है कि अभी कुछ दिन बारिश की जरूरत नहीं है। बारिश का पानी अभी भी खेतों में भरा खड़ा है। बारिश का पानी सूखने के बाद ही अब बारिश होनी चाहिए।