बिजनौर। उत्तराखंड काशीपुर के बंधन बैंक में अबान ऑयल एंड आटा चक्की फर्म का खाता खोला गया, तीन महीने पहले फर्म बंद कर दी। मगर इसका चालू खाता ठगी की रकम के लेनदेन में इस्तेमाल किया गया। इस खाते में तीन दिन में तीन करोड़ 28 लाख रुपये का लेनदेन किया गया। यह तो सिर्फ एक खाते की कहानी है, बाकी 16 अन्य खातों की कुंडली भी खंगाली जा रही है।
गांव लालपुर के रहने वाले रिटायर्ड अफसर ने दो महीना पहले शेयर खरीदने बेचने के नाम पर ठगी का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस पड़ताल में जुटी तो देशभर के अलग अलग 17 खातों में पैसा ट्रांसफर होने की बात सामने आई।
काशीपुर उत्तराखंड के बंधन बैंक में खुले खाते के जरिए पुलिस काशीपुर के अब्दुल्ला तक पहुंची। इसके साथी दिल्ली के रहने वाले दानिश और नासिर को दबोचा गया। ठाकुरद्वारा मुरादाबाद के नईम और विराट के साथ साथ लखनऊ का रहने वाला मोहम्मद रजा भी गिरफ्तार किया गया। इन सभी छह आरोपियों को जेल भेजा चुका है।
इन्होंने पूछताछ में बताया कि विदेश में बैठे चार्ल्स, शमीम और एरीज के इशारा मिलने पर ये रकम को इधर उधर खातों में ट्रांसफर करते थे। हालांकि अभी ये एक खाते से जुड़े लोग पकड़े गए हैं, बाकी खातों का संचालन करने वाले आरोपियों की लंबी लिस्ट हो सकती है।
रिटायर्ड दरोगा का बेटा है पकड़ा गया एक आरोपी : पुलिस की पकड़ में आया मोहम्मद रजा हसन लखनऊ का रहने वाला है जोकि रिटायर्ड दरोगा का बेटा है। बताया गया कि वह दिल्ली से एलएलबी कर रहा है। पढ़ते-पढ़ते साइबर ठगों के गिरोह में जुड़ गया।