जलीलपुर क्षेत्र में आटा चक्की पर लगे सौलर पैनल
जलीलपुर। सरकार की वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने की नीति का असर दिखने लगा है। शहरों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी सौर ऊर्जा को अपनाने वालों की संख्या बढ़ रही है। कुछ साल पहले तक ग्रामीण एक दो बल्ब, पंखा के लिए सौर ऊर्जा पैनल लगाते थे। आज क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक सौर ऊर्जा से चलने वाली व्यवसायिक आटा चक्की चल रही हैं। सौर ऊर्जा का व्यवसायिक उपयोग कर लोग अच्छा पैसा कमा रहे हैं।
जलीलपुर क्षेत्र में सौर ऊर्जा का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। क्षेत्र के गांव शाहपुर, धींवरपुरा, मुबारकपुर, हरिनगर, मनौटा आदि में सात परिवारों की आय का स्रोत सौर ऊर्जा बनी है। गांव धींवरपुरा में दिलेराम सिंह, मदनपाल सिंह, जावेद गांव हरिनगर में सोमवीर सिंह, मुबारकपुर में महेंद्र सिंह, शाहपुर में कृपाल सिंह आदि सौर ऊर्जा प्लांट लगाकर व्यवसायिक आटा पिसाई का कार्य कर रहे हैं। चक्की चलाने वालों का कहना सौर ऊर्जा प्लांट लगवाने के बाद 5 से 10 हज़ार रुपये महीना का बिजली बिल से छुटकारा मिला रहा है। चक्की चलाने वालों ने आवश्यकता अनुसार 10 किलोवाट से लगाकर 20 किलोवाट तक के सौर उर्जा प्लांट लगवाएं हैं।
व्यापार व रोजगार बढ़ा, सस्ता हुआ सौर ऊर्जा सामान
जलीलपुर क्षेत्र में खानपुर खादर व ब्लाॅक जलीलपुर में बाजार है। दोनों बाजार में सौर ऊर्जा का सामान बिक रहा है। बीते एक साल में सौर ऊर्जा सामान की बिक्री बढ़ी है। अब क्षेत्र में करीब एक दर्जन व्यापारी सौर ऊर्जा से संबंधित सामान बेच रहे हैं। व्यापारी इस्लामुदीन अहमद ने बताया सौर ऊर्जा से संबंधित जानकारी लेने प्रति दिन अनेक ग्राहक आ रहे हैं। जब से सामान सस्ता हुआ लोग सौर ऊर्जा को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।