दो दिन में बाहर से आए चार लोगों का परीक्षण
बिजनौर, धामपुर। पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पीके गुप्ता ने बताया कि दो दिन के भीतर स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से बाहर से आए चार लोगों का परीक्षण किया गया है। परीक्षण में सभी का स्वास्थ्य सामान्य है। फिर भी टीम की ओर से इन सभी को सुरक्षा की दृष्टि से होम क्वारंटीन किया गया है।
उनके परिवार के लोगों को सुझाव दिया गया है कि वह किसी भी दशा में इनके संपर्क में न आएं। परिवार का भी कोई सदस्य घर से बाहर नहीं जाएगा। गांव दीत्तनपुर का एक युवक कुछ दिन पहले पुणे से घर आया है। दो चामुंडा मोहल्ले के हैं। यह लोग फल व्यापारी हैं और गुजरात के निवासी है। कारोबार की दृष्टि से यहां किराए के मकान में रहते हैं। पिछले दिनों दोनों गुजरात गए थे। कुछ दिनों पहले वह दिल्ली से होते हुए यहां पर पहुंचे हैं। टीम ने बृहस्पतिवार को शुगर मिल के निकट सुंदरम कालोनी निवासी एक व्यक्ति का परीक्षण किया है। उसका स्वास्थ्य भी ठीक है।
वहीं, कोतवाली देहात ब्लाक के गांव में एक केस कोरोना पॉजिटिव मिला है। इस गांव के एक किमी की परिधि के अन्य गांवों के निवासियों का भी परीक्षण किया जा रहा है। इस गांव से सटा धामपुर ब्लाक का गांव है। इस गांव में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम डोर टू डोर ग्रामीणों का परीक्षण कर रही है। बृहस्पतिवार को परीक्षण के दौरान कोई कोरोना संदिग्ध नहीं मिला।