धामपुर में बनेंगे चार नए बिजलीघर
धामपुर। धामपुर विद्युत वितरण खंड क्षेत्र में चार करोड़ की लागत से चार और नए बिजलीघरों का जल्द ही निर्माण होगा। विद्युत निगम के अधिकारियों ने प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजा है। इनमें से दो बिजलीघरों के निर्माण के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है, बाकी के लिए जमीन तलाशी जा रही है।
इन बिजलीघरों के बन जाने के बाद क्षेत्र के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति, वोल्टेज की स्थिति बेहतर होगी, बार-बार तार टूटने की समस्या से निजात मिलेगी। उपखंड अधिकारी नहटौर विश्राम सिंह यादव ने बताया कि इन चारों प्रस्तावित बिजलीघरों में से एक बिजलीघर धामपुर नगर क्षेत्र में बनेगा। धामपुर नगर व धामपुर देहात में एक-एक, एक बिजलीघर नहटौर के खंडसाल और एक नहटौर नगर में बनेगा।
विद्युत निगम के अधिकारियों द्वारा बिजलीघर बनवाने के लिए सारी प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया गया है। प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया गया है, जैसे ही स्वीकृति मिलेगी निर्माण कार्य तेजी से शुरू करा दिया जाएगा।