बढ़ापुर (बिजनौर)। साहूवाला वन रेंज में खैर की लकड़ी से भरी महिंद्रा पिकअप पकड़ने पर लकड़ी माफिया वन विभाग की टीम पर हमला कर पकड़ी गई गाड़ी को छीनकर ले गए। इस मामले में वन रक्षक विकास कुमार की तहरीर पर बढ़ापुर थाना पुलिस ने 10 नामजद व 50-60 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रिपोर्ट में बताया कि रविवार की देर शाम साहूवाला रेंज के डिप्टी रेंजर राकेश चंद मेंदोला, वन दरोगा राजू, अजय कुमार, मोहित व वन रक्षक नितिन एवं कपिल साहूवाला वन क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान खादर के ग्राम मदपुरी में राजकीय कन्या इंटर काॅलेज के समीप उन्होंने जंगल की ओर से आ रही एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी को रोकने का इशारा किया। गाड़ी में सवार लोगों ने वन विभाग की टीम पर फायर कर भागने लगे। पीछा करने पर माफिया एक स्थान पर गाड़ी छोड़कर भाग निकले। गाड़ी में प्रतिबंधित खैर की लकड़ियां भरी थीं।
आरोप है कि वनकर्मियों ने गाड़ी को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो ग्राम मदपुरी निवासी कृपाल सिंह, छिंदर, दीपक व सुखविंदर समेत 15-20 अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और मारपीट कर गाड़ी छीनकर ले गए। वनकर्मियों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्राम मदपुरी निवासी कृपाल सिंह, छिंदर, दीपक, रिंकू, सुखविंदर, रानौ कौर, गोल्डी, बलविंदर, कुलदीप, बलवंत व 50-60 अज्ञात पुरुष -महिलाओं के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।