मंडावली के गांव साहबपुरा उमराव में बदहाल मार्ग।
- फोटो : NAZIBABAD
जलभराव और कीचड़ से गुजरने को मजबूर
मंडावली। मंडावली के गांव साहबपुरा उमराव के मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ ग्रामीणों की परेशानी का सबब बना है। ग्रामीण मार्ग पर 70 मीटर तक फैले कीचड़ से आवाजाही करने को मजबूर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सीसी मार्ग बनाने की मांग की है।
ग्रामीण मो. करीम, जहीर अहमद, फरमान, मुबारक, राजेंद्र सिंह, आफताब, याकूब, इलियास, शाहनवाज, असलम ने बताया कि गांव साहबपुरा उमराव के मुख्य मार्ग पर करीब 15 वर्ष पूर्व खड़ंजा लगवाया गया था, लेकिन पानी की निकासी के लिए दोनों ओर नालियां नहीं बनवाई गई। जिस कारण गांव के घरों का गंदा पानी और बरसात का पानी खड़ंजे पर जमा हो रहा है। गांव के मुख्य मार्ग पर करीब 70 मीटर तक जलभराव और कीचड़ है। ग्रामीणों को घर से निकलने के बाद कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव के मुख्य मार्ग पर जल्द सीसी रोड बनवाने की मांग की है। उधर, ग्राम प्रधान इमराना का कहना है कि इस मार्ग पर सीसी रोड विधायक निधि से बनवाई जाएगी। बरसात के बाद सितंबर माह के मार्ग पर सीसी रोड बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा।