जलालाबाद में हाईवे पर रेलवे ट्रैक के किनारे पलटा सीमेंट से भरा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
जलालाबाद में नगर पंचायत जलालाबाद क्षेत्र में सीमेंट और ईंट से भरे दो ट्रक अलग-अलग घटनाओं में पलटने से हड़कंप मच गया। घटना में एक ट्रक चालक मामूली रूप से चोटिल हुआ, जबकि एक ठेली चालक ट्रक के नीचे दबने से बाल-बाल बच गया।
जलालाबाद पेट्रोल पंप के निकट नगर पंचायत के प्रवेश द्वार से बीती रात ईंट से भरा अनियंत्रित ट्रक बिजनौर दिशा से कोटद्वार जाते समय जलालाबाद प्रवेश द्वार के पोल से टकरा गया। ट्रक के अगले पहिये में पंचर से हुई दुर्घटना में ट्रक इतनी रफ्तार से पोल से टकराया कि पोल टूट गया और ट्रक गड्ढे में पलट गया। संयोग से कोई वाहन आसपास नहीं था। उधर, जलालाबाद क्षेत्र में ही नगर पंचायत कार्यालय के निकट सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिस समय ट्रक पलटा एक व्यक्ति ठेली लेकर गुजर रहा था। उसने भागकर अपनी जान बचाई, जबकि ट्रक की चपेट में आकर ठेली क्षतिग्रस्त हो गई। सीमेंट का ट्रक जलालाबाद में हाईवे पर पलटने से रुक-रुककर आंशिक जाम की स्थिति बनती रही।
वहीं हल्दौर में बालकिशनपुर चौराहे के निकट बाइक व कार की भिड़ंत में बाइक सवार भतीजा व चाचा घायल हो गए। राहगीरों ने गंभीर हालत में चाचा को जिला अस्पताल भिजवाया। भतीजे को मामूली चोटें बताई जा रही हैं। चिकित्सकों ने नाजुक हालत में घायल को बिजनौर से मेरठ रेफर कर दिया। थाना नौगांवा क्षेत्र के गांव अपरौला महबाव निवासी बाइक सवार चालक जावेद अहमद चाचा शमीम को साथ लेकर बाइक से रिश्तेदारी में बिजनौर जा रहा था। शनिवार दोपहर करीब दो बजे जब वह बालकिशनपुर चौराहे के निकट पहुंचे तो प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे से तेज गति से आ रही कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार जावेद सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा, जबकि उसके चाचा शमीम का सिर सड़क पर जा लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए बिजनौर भिजवाया। यहां से शमीम की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर दिया।
दो बाइकों की भिड़त में दो लोग घायल
स्योहारा में धामपुर रोड पर दो बाइक आपस में टकराने से दो बाइक सवार घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादबाद रेफर किया गया है। स्योहारा के ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स में तैनात गार्ड सुरेश चंद (52) निवासी ग्राम झिल्ला मेरठ से अपनी दवाइयां लेकर से बाइक लौट रहे थे। किसान सेवा समिति में कार्यरत नूरपुर निवासी महावीर त्यागी स्योहारा से धामपुर बाइक से जा रहा था। ग्राम चंचलपुर के पास दोनों की बाइक आपस में टकरा गईं। इससे सुरेश चंद व महावीर घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उन्हें मुरादबाद के लिए रेफर कर दिया गया।