पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
हल्दौर (बिजनौर)। थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक ने घर में घुसकर पांच साल की मासूम से दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी मां चारा लेने बाहर गई थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसपी ने मामले की जांच कर थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए। परिजनों ने बालिका को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक अनुसूचित जाति की महिला समीप ही जंगल में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे चारा लेने गई थी। उस समय बच्ची घर पर अकेली थी। ग्रामीणों के अनुसार इसी दौरान गांव का एक युवक घर में घुस गया और मासूम के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान बच्ची की मां घर पहुंच गई, जिसे देख आरोपी फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के मोहल्लेवासियों की मौके पर भीड़ जमा हो गई और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एसपी डॉ धर्मवीर सिंह ने मामले की जांच की और थाना पुलिस को महिला द्वारा शनाख्त किए गए आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए। परिजनों ने घायल अवस्था में बालिका को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवक के विरुद्ध दुष्कर्म, एससी एसटी एक्ट व पॉस्को की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।