मोबाइल एप से शुरू हुई वाहनों की फिटनेस
बिजनौर। अब वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने में फर्जीवाड़ा नहीं हो सकेगा। इसके लिए शासन ने एम परिवहन एप तैयार किया है। जनपद में चार पहिया वाहनों की फिटनेस मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन शुरू कर दी गई है। यह व्यवस्था एआरटीओ कार्यालय में इसी महीने से शुरू हो गई है।
आमतौर पर देखने और सुनने को मिलता था कि बिना वाहन सहायक संभागीय कार्यालय में आए ही वाहनों की फिटनेस हो रही है। लेकिन सरकार ने अब इस फर्जीवाड़े को रोकने की तैयारी कर ली है। शासन ने एम परिवहन एप से ऑनलाइन ही वाहन की फिटनेस करने के लिए अफसरों को निर्देशित दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत वाहनों का मौके पर पहुंचना अनिवार्य होगा। वाहनों को देखने और एप पर लाइव तस्वीरें लोड करने के बाद ही संबंधित अधिकारी और कर्मचारी फिटनेस प्रमाण पत्र जारी कर पाएंगे। जांचकर्ता को अपने मोबाइल पर वाहन की पूरी तस्वीर, चेसिस नंबर, आगे और पीछे की सभी लाइट, हाई सिक्योरिटी नंबर लोड और रिफ्लेक्टिव टेप सहित निर्धारित छह बिंदुओं की लाइव तस्वीर लोड करनी होगी। इसके बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। एआरटीओ प्रशासन शिव शंकर सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था जनपद में तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी गई है।