मनपसंद गाना न बजाने पर विवाद, तमंचे से फायर
हल्दौर। गांव गाजीपुर में रामलीला मंचन के दौरान कुछ बाहरी युवकों ने मनपसंद गाना बजवाने को लेकर विवाद कर दिया। मारपीट की नौबत आ गई। इसी बीच किसी ने तमंचे से फायर कर दिया। इससे रामलीला परिसर में भगदड़ मच गई और पुलिस के आने की सूचना पाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव गाजीपुर में आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वाधान में रामलीला का मंचन किया जा रहा है। मंगलवार रात रामलीला मंचन पर कुछ कलाकार रामायण की चौपाईयां सुना रहे थे और लीला के संवाद बोल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान बाहरी गांव के युवकों ने कमेटी कार्यकर्ताओं से रामलीला मंचन कर रहे कलाकारों से मनपसंद गाना सुनने की फरमाइश की। कमेटी कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और उन्हें समझाकर वहां से हटाने का प्रयास किया। आरोप है कि युवकों ने पंडाल में जमकर उत्पात मचाया और किसी ने फायर भी कर दिया। इस पर रामलीला देख रहे लोगों में भगदड़ मच गई और सभी लोग उठकर चले गए। मामले की सूचना पैजनियां चौकी पुलिस को दी। पुलिस के आने की सूचना पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पैजनियां चौकी प्रभारी राजकुमार नैन सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच गांव में ही समझौते का प्रयास किया जा रहा था। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।