धामपुर। नहटौर ब्लॉक क्षेत्र के गांव मटौरा मान में बुधवार को सांड़ ने किसान अनिल कुमार चौधरी को हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अनिल चौधरी की हालत गंभीर बनी हुई है। अनिल चौधरी के शोर मचाने पर खेत में काम कर रहे अन्य लोगों ने किसी तरह सांड़ से उन्हें बचाया।
भाकियू जिला प्रवक्ता गांव मटौरा मान निवासी चौधरी राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनका भतीजा अनिल चौधरी जब जंगल में काम करने के लिए गया था। तब इस दौरान एक सांड़ ने उनके ऊपर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया जा रहा है। चौधरी राजेंद्र सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पहले उनके गांव में इसी सांड़ ने डॉक्टर योगेंद्र सिंह को हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
आरोप है कि कई बार खंड विकास अधिकारी नहटौर को अवगत कराया। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। खंड विकास अधिकारी का कहना था कि उनके पास सांड़ को पकड़ने के लिए कोई संसाधन नहीं है। इसलिए वह पकड़ने में असमर्थ हैं।
उधर, ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी के कथन पर नाराजगी जताते हुए चेताया कि यदि विकास विभाग के अधिकारियों ने जल्द ही सांड़ को पकड़ कर गोशाला में नहीं छोड़ा तो वह सांड़ की घेराबंदी कर उसे पकड़ विकासखंड कार्यालय में छोड़ेंगे। उधर, तहसीलदार धनराज सिंह का कहना है कि मामले के संज्ञान में आने पर हलके की लेखपाल संध्या सिंह को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही सांड़ को पकड़वाकर गोशाला में छुड़वाया जाएगा।