गुलदार को देख बेहोश हुआ किसान
हरेवली। गांव भगौता में गन्ने के खेत में गुलदार दिखने से खेतों में काम कर रहे किसानों में भगदड़ मच गई। भागमभाग में एक किसान बेहोश होकर गिर गया और घायल हो गया। उसे लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं सूचना के बाद भी वन विभाग के अधिकारियों के न आने पर ग्रामीणों में रोष है।
गांव भगौता निवासी किसान जयपाल सिंह ने बताया कि रविवार को रामगंगा बैराज के समीप गन्ने की फसल की नलाई व बंधाई का काम कर रहे थे। पास के खेत में गांव के ही बेगराज सिंह व इरफान अहमद भी काम कर रहे थे। खेत पर काम करना शुरू ही किया था कि अचानक खेत में गुलदार की गुर्राहट की आवाज सुनाई दी। शोर मचाया तो गुलदार हमला करने के लिए दौड़ पड़ा। उसे आता देख सभी भागने लगे। इस दौरान वह बेहोश होकर गिर गया और उसे काफी चोटें आईं। ग्रामीणों ने उठाकर डॉक्टर के पास ले गए।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन वन्यजीवों के आतंक से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। तीन दिन पहले ही वन विभाग के अधिकारियों ने बालकिशनपुर में एक घायल गुलदार को पकड़ा था। उधर, धामपुर रेंज के वन दरोगा लक्ष्मीचंद का कहना है कि इन दिनों जंगल में वन्य जीव बहुतायत हैं। किसानों को टीम बनाकर खेतों में जाना चाहिए। साहूवाला रेंज के रेंजर वीरेंद्र रावत का कहना है कि मामला संज्ञान में लाया गया है। जल्द ही गुलदार को पकड़ लिया जाएगा।