धामपुर। क्षेत्रीय बार एसोसिएशन के बीच गुटबाजी के चलते संगठन दो भागों में बंट गया है। दो अगस्त को संरक्षक गजेंद्रवीर सिंह एडवोकेट के आवास पर आयोजित बैठक में अरुण प्रताप चौधरी एडवोकेट को अध्यक्ष मनोनीत किया गया था।
वहीं शनिवार को क्षेत्रीय बार एसोसिएशन की जनरल हाउस की बैठक संरक्षक हितेश भटनागर की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें 37 अधिवक्ताओं ने आठ नवंबर तक अध्यक्ष आरके आर्य एडवोकेट के नेतृत्व की पुरानी कार्यकारिणी को सुचारु रखने पर मुहर लगा दी।
अध्यक्ष आरके आर्य एडवोकेट का कहना है कि गुटबाजी के तहत नए अध्यक्ष और कार्यकारिणी बनाई गई है। उक्त कार्यकारिणी और उनका शपथ ग्रहण कार्यक्रम पूर्ण रूप से अवैध, असंवैधानिक है। इनके द्वारा किए गए या आगे भी किसी क्रियाकलापों से क्षेत्रीय बार एसोसिएशन धामपुर का कोई लेना देना नहीं है।
बैठक में पुरानी बार में नए सदस्य के रूप में अंकुर मणि चौहान को शामिल किया गया। बार सदस्यों ने आरके आर्य एडवोकेट को फूलमाला पहनाकर समर्थन दिया।