महिलाओं को गन्ने की नर्सरी से जोड़कर देंगे रोजगार
नगीना। गन्ना विभाग गन्ने की नर्सरी तैयार करने में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार देगा। गन्ना विकास परिषद बुंदकी व नगीना के एससीडीआई ने क्षेत्र के ग्राम खानपुर में महिलाओं को प्रशिक्षण दिया।
गन्ना विकास परिषद बुंदकी व नगीना की ओर से क्षेत्र के ग्राम खानपुर में उपस्थित महिलाओं को दिए गए प्रशिक्षण में एससीडीआई अविनाश चंद्र तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत सिंगल बड एवं बड चिप से तैयार नर्सरी से एनएफएसएम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह द्वारा उत्पादित सीडलिंग के वितरण किए जाने के लिए जिला गन्ना अधिकारी द्वारा सभी गन्ना विकास परिषदों को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सिंगल बड व बड चिप की नर्सरी महिला समूह के माध्यम से तैयार करना और प्रति सीडलिंग का अनुदान तीन रुपये पचास पैसे योजना के आधार पर देकर महिलाओं के समूह को प्रोत्साहित करना है। नर्सरियों के माध्यम से महिला सहायता समूह द्वारा स्वयं भी सीधा किसानों में सीडलिंग का विक्रय कर लाभ अर्जित करना उद्देश्य है। इस सीडलिंग प्रक्रिया में गन्ना विभाग व चीनी मिलें पूर्ण सहायता करेंगी। प्रशिक्षण में गन्ना पर्यवेक्षक हजारी सिंह, एपीओ सुखवीर सिंह व मिल के देवेंद्र गुप्ता ने भी अपनी बात रखी। एससीडीआई ने बताया कि अब तक उनके परिषद क्षेत्र में 12 महिला स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया है।