मंडावली क्षेत्र के महावतपुर दलपत में हाथी के पद चिन्ह।
- फोटो : NAZIBABAD
मंडावली/नजीबाबाद। मंडावली क्षेत्र में दो सप्ताह से हाथी देखे जाने से ग्रामीण दहशत में है। शुक्रवार की रात मंझाड़ी क्षेत्र में हाथी ने गेहूं, गन्ने और चारे की फसल को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में दो हाथियों द्वारा फसलों को बर्बाद करने से रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की है।
दो जंगली हाथियों ने शुक्रवार की रात मंडावली क्षेत्र के गांव महावतपुर दलपत उर्फ मंझाड़ी में खेतों में घुसकर गेहूं और चारे की फसल को रौंद दिया। गन्ने की फसल भी बर्बाद क दी। दलपतपुर निवासी चमन सिंह, महेंद्र सिंह, शिवराज सिंह की गेहूं और सरसों की फसल को हाथी ने नुकसान पहुंचाया। प्रात: चार बजे खेत में हाथी दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया।
बलराम सिंह, गजराज सिंह, चेतराम, ओमप्रकाश, फतेह सिंह, नरपाल सिंह ने वन विभाग से हाथी के आतंक से क्षेत्र को मुक्ति दिलाने तथा जनहानि की आशंका को समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। मंझाड़ी के अतिरिक्त जंगली हाथी जटपुरा बौंडा, नियामतपुर, गूढ़ा, मुस्सेपुर क्षेत्रों में भी देखा गया है। इन क्षेत्रों में हाथी ने दो सप्ताह के भीतर कई किसानों की गन्ने की फसल बर्बाद की।