मंगलवार रात आई आंधी से एसपी कार्यालय के बाहर गिरा पेड़।
- फोटो : BIJNOR
आंधी से जिले भर में बिजली आपूर्ति ठप
बिजनौर। मंगलवार रात बारिश के साथ आई आंधी से जिले में जगह-जगह पेड़ टूट गए। पेड़ बिजली की लाइन पर गिरने से जिले भर में बिजली की आपूर्ति पूूरी रात बाधित रही। आम की फसल को भी बहुत नुकसान हुआ। हालांकि बारिश से गन्ने व चारे की फसल को बहुत फायदा हुआ है। मंगलवार को छह एमएम बारिश हुई।
मंगलवार रात करीब दस बजे आंधी आई और बादलों की तेज गरज के साथ बारिश भी शुरू हो गई। हवा के पहले झोंके के साथ ही बिजली गुल हो गई। करीब एक घंटे तक आंधी चली और तेज बारिश हुई। आंधी में जगह जगह पेड़ टूटकर बिजली की तारों पर गिर गए। जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। पूरी रात बिजली गुल रही। बिजली न आने से लोगों को पानी की समस्या का सामना भी करना पड़ा। जिला मुख्यालय पर कई मोहल्लों में दोपहर तक बिजली आपूर्ति बहाल हुई। बिजली कर्मचारी दिन भर बिजली की लाइन ठीक करते रहे। आंधी से आम की फसल को नुकसान हुआ है, लेकिन गन्ने व चारे की फसल को फायदा बताया जा रहा है।