हफ्तेभर से ठप है 12 नलकूपों की बिजली
नींदडू़। एक सप्ताह पहले बिजली का खंभा टूटने के कारण लाइन काटने से 12 नलकूपों की बिजली आपूर्ति ठप है। किसानों ने आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उधर, एसडीओ ने शीघ्र आपूर्ति शुरू करने की बात कही है।
पूर्व प्रधान गुलजार अहमद ने बताया कि एक सप्ताह पहले किसी वाहन ने नींदडू़ स्थित राजकीय नलकूप संख्या 540 के करीब उच्च शक्ति क्षमता लाइन के खंभे में टक्कर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। खंभा टूटने की तत्काल सूचना विभाग को दे दी गई थी। विभाग के कर्मचारियों ने लाइन की बिजली तो काट दी, लेकिन टूटे खंभे के स्थान पर नया खंभा लगाकर विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं की गई। इस लाइन से राजकीय नलकूप के अलावा तौफीक, गुलजार, हबीब, सरदार, इकबाल, कामरान, रऊफ तथा एहतेशाम आदि 12 किसानों के नलकूपों को बिजली सप्लाई होती है। आपूर्ति ठप रहने से किसान गेहूं तथा बरसीम की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से तत्काल नया खंभा लगाकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की। दूसरी ओर बिजली विभाग के एसडीओ वीएस यादव ने बताया कि उन्हें बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होने की शुक्रवार शाम जानकारी मिली। किसानों की समस्या का तत्काल समाधान करते हुए नया खंभा पहुंचा दिया गया है। उसे खड़ा कर विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।