शेरकोट के गांव मिर्जापुर में आबादी के पास जंगल में दिखा गुलदार।
- फोटो : DHAMPUR
गांव मिर्जापुर में गुलदार दिखाई देने से दहशत
शेरकोट। ग्राम मिर्जापुर में आबादी से सटे जंगल में शनिवार सुबह सड़क पार करते हुए गुलदार नजर आने से किसानों में दहशत है। किसानों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़वाने की मांग की है।
शनिवार को जंगल में गुलदार के मिलने से लोगों में दहशत रही। लोगों ने खेतों में काम नहीं किया। गांव के किसान विकास कुमार, योगेश कुमार, कामेंद्र कुमार, विजेंद्र कुमार ने बताया कि जब वह जंगल में काम करने जा रहे थे तो उन्होंने जंगल में सड़क पार करते हुए गुलदार को देखा। उन्होंने गुलदार के चित्र को मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया। इस मौके पर घटना स्थल से भागे किसानों ने कुछ दूरी पर जाने के बाद शोर मचा दिया। कुछ ही देर में गांव के अन्य लोग गुलदार को वनों में खदेड़ने को एकत्र हो गए और किसी तरह से गुलदार को शोर मचा कर , कनस्तर आदि पीट कर खदेड़ा।
बताया गया कि वन विभाग के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया। लेकिन शाम तक कोई काम नहीं आया। लोगों ने गुलदार के डर से खेतों में दिन भर काम नहीं किया। जमालपुर उदयचंद्र के लोगों को भी गुलदार नजर आया और डर के कारण उन्होंने भी खेतों में काम नहीं किया। वन विभाग के रेंजर लक्ष्मीचंद का कहना है कि मामला संज्ञान में आ गया है। जल्द ही पकड़ कर वनों में छुड़वाने का प्रयास किया जाएगा।