सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर अदा हुई ईद की नमाज
बिजनौर। लॉकडाउन के बीच ईद का त्यौहार बहुत ही सादगी के साथ मनाया गया। मुस्लिमों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए घरों पर ही ईद की नमाज अदा की। मुल्क की तरक्की और कोरोना वायरस से दुनिया को निजात दिलाने की मांग की। ईद पर प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह सतर्क रही। ईदगाह और मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात रहा। कोई नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद पर गया भी तो पुलिसकर्मियों ने उसे समझा बुझाकर घर भेज दिया।
ईद पर उलमाओं ने पहले ही घरों पर नमाज अदा करने की अपील की थी। मस्जिदों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहे थे। ईदगाह पर पुलिस बल तैनात किया गया था। अफसर भी गाड़ियों से गश्त करते रहे। कोरोना के खतरे और उलमा, प्रशासन की अपील का असर नजर आया। लोगों ने घरों पर ही ईद की नमाज अदा की। कुछ किशोर नमाज पढ़ने के लिए ईदगाह पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया। मस्जिदों में आने वालों को भी पुलिस ने समझाकर वापस भेजा। ईद पर गली मोहल्लों में भी बहुत कम लोग दिखाई दिए। पहले जहां ईद पर मोहल्लों में मेले जैसा नजारा होता था वहां पर सड़कों पर कोई नहीं था। युवक भी घरों पर ही रहे। बहुत कम लोगों ने घरों से बाहर आकर एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। सभी ने अपने घरों पर शीर का आनंद लिया।
नूरपुर में ईद का त्यौहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। मुस्लिमों ने अपने घरों में ही ईद की नमाज अदा की। ईदगाह पर पुलिस तैनात रही। धार्मिक आयोजनों पर पाबंदी होने के कारण इस बार ईदगाह पर नमाज नहीं पढ़ी गई। लोगों ने फोन पर ही एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।