आरोग्य सेतु एप पर दिखा कोरोना संदिग्ध मरीज
बिजनौर। रविवार को पूरे दिन आरोग्य सेतु एप पर गांव छितावर में दो किलोमीटर की रेंज में कोरोना का एक मरीज दिखाई देता रहा। इससे पूरे दिन क्षेत्रीय लोगों में बैचेनी रही। ग्रामीणों ने इसकी सूचना नेशनल हेल्प लाइन पर की। हालांकि शाम तक ऐसे पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम को कोई मरीज नहीं दिखाई दिया।
किरतपुर थाना क्षेत्र के गांव छितावर में आरोग्य सेतु एप का प्रयोग करने वाले करीब 250 लोगों के मोबाइल में 500 मीटर से लेकर दो किलोमीटर तक की रेंज में कोरोना का संदिग्ध मरीज दिखाई दिया। शिवकुमार आदि ग्रामीणों ने इसकी सूचना नेशनल हेल्प लाइन पर की तो वहां से स्थानीय अफसरों को इसकी जानकारी जुटाने के लिए निर्देशित किया गया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने काफी प्रयास किया, लेकिन अभी तक इस मरीज की लोकेशन नहीं मिली। गांव छितावर के चारों ग्राम प्रधान अपने स्तर से इसका पता लगाने में जुट गए।
सीएमओ डॉक्टर विजय कुमार यादव ने बताया कि आरोग्य सेतु एप पर जाने अनजाने में अगर कोई व्यक्ति खांसी, जुकाम के लक्षण अपडेट करता है, तो यह एप संदिग्ध मरीज दिखाने लगता है, हो सकता है किसी से एप गलत सूचना डल गई हो। फिर भी उन्होंने अपनी टीम को इस संदिग्ध मरीज को खोजने की जिम्मेदारी सौंपी है। वास्तव में कोई ऐसा मरीज पाया जाता है तो उसकी जांच कर उपचार किया जाएगा।