नजीबाबाद। राशन वितरण में आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए पूर्ति विभाग ई-पॉस मशीनों को अपडेट करा रहा है।
सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं द्वारा बड़ी संख्या में राशन कार्ड धारकों के अंगूठे ई-पॉस मशीन द्वारा न पकड़ने और उपभोक्ताओं को राशन वितरण न हो पाने की शिकायतों के निराकरण के लिए राशन वितरण में लगाई गई मशीनों को अपडेट कराया जा रहा है। पूर्ति विभाग के निर्देशन में शुक्रवार को आर्मी इंफोटेक्ट कंपनी के अनिल कुमार और उनकी टीम ने ग्रामीण क्षेत्र के बड़ी संख्या में राशन डीलरों की ई-पॉस मशीन अपडेट की।
पूर्ति निरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि ई-पॉस मशीन को अपडेट कराने से समस्या का निराकरण होगा। नजीबाबाद ब्लॉक 142, किरतपुर ब्लॉक में 80 तथा नजीबाबाद तहसील में लगभग 64 राशन डीलर है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि सभी मशीनों को अपडेट कराया जाएगा।