बिजनौर। यूपी बोर्ड की परीक्षा में एनसीईआरटी की किताबों से सवाल पूछे जाएंगे। बोर्ड ने छात्रों को परीक्षा के पैटर्न की जानकारी देने के लिए विषयवार सैंपल पेपर जारी किए हैं। छात्रों ने गणित विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के सैंपल पेपर जारी करने की मांग की है। डीआईओएस के अनुसार विद्यालय छात्रों की बोर्ड द्वारा जारी पैटर्न पर प्री-बोर्ड परीक्षा कराने को कहा गया है। प्री बोर्ड इसी माह होनी है।
बोर्ड की हाईस्कूल तथा इंटर की परीक्षा फरवरी में प्रस्तावित हैं। शासन ने कक्षा नौ से बारह तक एनसीईआरटी पाठ्यक्रम को लागू किया है। विद्यालयों में शासन से स्वीकृत किताबों से पढ़ाई हो रही है। छात्र बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। बोर्ड ने छात्रों को परीक्षा के पैटर्न जानकारी देने के लिए विभिन्न विषयों के सैंपल पेपर जारी किए हैं। डीआईओएस प्रतिनिधि तथा जीआईसी के प्रधानाचार्य निशांत कुमार यादव ने बताया कि सैंपल पेपर बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार विद्यालय छात्रों की बोर्ड द्वारा जारी पैटर्न पर प्री-बोर्ड परीक्षा कराने को कहा गया है। प्री बोर्ड इसी माह होनी है। इसके बाद छात्रों की कमियों को दूर किया जाएगा। विषयवार टिप्स दिए जाएंगे। छात्रों रजनीश, कमल, हरवीर, मयंक का कहना है कि बोर्ड ने गणित, विज्ञान, अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के सैंपल पानी पर जारी नहीं किए हैं। इंटर फिजिक्स केमिस्ट्री गणित के सैंपल पेपर नहीं दिए हैं। इनके सैंपल पेपर भी जारी किए जाएं। डीआईओएस के अनुसार बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 50067 छात्र तथा इंटर के 40086 छात्र शामिल होंगे। सभी विद्यालयों को निर्देश भेज दिए हैं।
छात्र हर चैप्टर को ध्यान से पढ़ें
परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए छात्र को एनसीईआरटी आधारित किताबों को पढ़ना है। कुछ छात्र चुनिंदा चैप्टर को महत्वपूर्ण बताकर उन्हें ही पढ़ते हैं तथा बाकी चैप्टर को छोड़ देते हैं। प्रश्नपत्र में सभी चैप्टर से सवाल पूछे जाएंगे। हर पार्ट के अंक निश्चित हैं। छात्र को हर चैप्टर को पढ़ना है। छात्रों को जारी परीक्षा के पैटर्न को देखकर ही परीक्षा की तैयारी करनी है। गणित की तरह अंग्रेजी हिंदी अब स्कोरिंग विषय है, इसलिए किसी भी चैप्टर को न छोडे़ं। यदि किसी विषय की अलग अलग कई किताब हैं तो सभी किताब के हर चैप्टर को पढ़ना है।