बिजनौर में जिले की आठ विधानसभा सीटों के 16 लाख 91 हजार से अधिक वोटों की गिनती की जाएगी। मतगणना में लगे कर्मचारियों को वोटों की गिनती की प्रक्रिया बता दी गई है। गिनती के दौरान रैंडम चेकिंग भी होगी।
सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार, 15 फरवरी को पड़े वोटों की गणना 11 मार्च को नजीबाबाद रोड स्थित सेंट्रल वेयर हाउस में सुबह आठ बजे से शुरू होगी। मतगणना में 608 कर्मचारी लगेंगे। 168 माइक्रो ऑब्जर्वर के साथ मजिस्ट्रेट गिनती पर निगरानी रखेंगे। एक टेबिल पर तीन कर्मचारी मतगणना के लिए लगेंगे। हर टेबिल पर एक माइक्रो ऑब्जर्वर और एक मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे। ये दोनों बीच-बीच में काउंटिग की रैंडम चेकिंग करेंगे। क्रॉस चेकिंग होने के बाद दोनों अधिकारी काउंटिंग शीट को प्रतिहस्ताक्षरित करेंगे। इसके बाद ही परिणाम घोषित किया जाएगा।
21 से 26 तक होंगे राउंड
सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार, मतगणना के अधिकतम 26 चक्र होंगे। नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 25 चक्र, नगीना की 24 चक्र, बढ़ापुर की 26 चक्र, धामपुर की 21 चक्र, नहटौर की 23 चक्र, बिजनौर की 26 चक्र, चांदपुर की 24 चक्र तथा नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 23 चक्र में होगी।
सबसे पहले धामपुर का नतीजा
धामुपर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सबसे कम राउंड़ में होगी। इसमें मात्र 21 राउंड में वोट की गिनती हो जाएगी। धामपुर विधानसभा क्षेत्र का परिणाम सबसे पहले करीब 11 बजे आ जाएगा। अपराह्न दो बजे तक सभी आठ विधानसभा सीटों के नजीजेे घोषित होने की संभावना है।
बिजनौर सीट पर गिने जाएंगे सबसे अधिक वोट
जिले की आठ विधानसभा सीटों पर 16 लाख 91038 मतों की गिनती की जाएगी। सबसे अधिक दो लाख 44 हजार 749 मतों की गिनती बिजनौर विधानसभा क्षेत्र तथा सबसे कम एक लाख 87,597 वोटों की गिनती नहटौर विधानसभा क्षेत्र में होगी।