संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बिजनौर शहर की आवास विकास कॉलोनी में एक पुलिसकर्मी के बेटे ने जमकर उत्पात मचाया। जिसने घरों के बाहर खड़ी बीस गाड़ियों में तोड़फोड़ कर डाली। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक प्रिंस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।
शुक्रवार की देर शाम एक युवक नशे की हालत में आवास विकास कॉलोनी की गलियों में घूमकर घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। सिर्फ एक दो नहीं बल्कि करीब बीस गाड़ियों के शीशे तोड़े। जिस पर लोग घरों से बाहर निकल गए। आरोपी युवक ने खुद को घिरता देख अपने दो साथियों को भी बुला लिया। शीशे तोड़ने की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में एक पीड़ित आशीष अग्रवाल ने आरोपी युवक प्रिंस भारद्वाज पुत्र विनय भारद्वाज निवासी पुलिस लाइन के खिलाफ तहरीर सौंपी। जिसमें पत्थर से गाड़ियों के शीशे तोड़ने और धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग उठाई। शहर कोतवाल उदयप्रताप ने बताया कि मामले में आरोपी युवक का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया गया है।