आज जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में करें रक्तदान
बिजनौर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में आज रक्तदान शिविर आयोजित होगा। शिविर सुबह नौ से दो बजे तक आयोजित होगा। शिविर में रक्तदान करने वालों को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।
किसी के द्वारा किए जाने वाला रक्तदान दुर्घटना के शिकार लोगों, शल्य चिकित्सा कराने वाले, खून की कमी व एनीमिया के शिकार मरीजों, शिशु के जन्म के समय जरूरत पड़ने पर गर्भवती महिलाओं को, कैंसर, थैलसीमिया के मरीजों की जान बचा सकता है। 18 से 60 साल तक का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदान करने से किसी का जीवन बचाने का संतोष तो मिलता ही है, रक्तदान करने वाले के शरीर में नए रक्त बनने की प्रक्रिया भी तेजी से होती है। इससे शरीर में स्फूर्ति आती है, कोलस्ट्रोल की मात्रा नियंत्रित होती है और हृदय रोग की संभावना कम हो जाती है। अगर रक्तकोष में रक्त उपलब्ध है तो रक्तदान करने वाले को अपने या किसी परिजन के लिए प्राथमिकता पर रक्त मिल जाता है। स्वस्थ पुरुष तीन माह बाद व महिलाएं चार माह बाद रक्तदान कर सकती हैं। रक्तदान करने से कोई कमजोरी नहीं आती है। रक्तदान करने के लिए जनता में काफी जज्बा रहता है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए। अगर किसी ने कोरोना टीकाकरण कराया है तो उसे 14 दिन बाद ही रक्तदान करना चाहिए।
जरूर करें रक्तदान
ब्लड बैंक के सीनियर कंसलटेंट डॉ. संजय कुमार शंकर के अनुसार सभी को दूसरों को जीवन देने और खुद को स्वस्थ रखने के लिए रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान करने से शरीर को हानि नहीं होती बल्कि लाभ ही होता है।
यह भी जानें
- मनुष्य के शरीर में साढ़े चार से पांच लीटर तक रक्त रहता है।
- पुरुष के शरीर में प्रति किलोग्राम 76 मिलीलीटर और महिलाओं के शरीर में 66 मिलीलीटर तक रक्त रहता है।
- रक्तदान में 350 से 450 मिलीलीटर रक्त ही लिया जाता है।
- रक्त में मौजूद कणिकाओं की आयु 90 से 120 दिन ही रहती है।
- दुबला, मोटा, लंबा-छोटा कोई भी व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।