जिले के शूटरों ने शामली में जीते मेडल
बिजनौर। जनपद में शामली में आयोजित संस्कृति शूटिंग चैंपियनशिप में एकलव्य शूटिंग रेंज के शूटर शादाब और ओसाफ ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। वापस आने पर सीडीओ कामता प्रसाद सिंह ने शूटरों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
16 से 18 अगस्त तक जनपद शामली में संस्कृति शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। एकलव्य शूटिंग रेंज के कोच मोहम्मद शमीम ने बताया कि शूटर मोहम्मद शादाब ने दस मीटर एयर राइफल ओपन साइड राइफल में स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी वर्ग में सैयद ओसाफ आरकी ने रजत पदक पर कब्जा कर नाम रोशन किया। जूनियर वर्ग में एयर पिस्टल में विपिन कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 400 में से 360 अंक प्राप्त किए। सीडीओ कामता प्रसाद सिंह ने बृहस्पतिवार को अपने कार्यालय में दोनों शूटरों को मेडल पहनाकर सम्मानित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।