पर्ची कैलेंडरों का वितरण एक सितंबर से
धामपुर। गन्ना विभाग की ओर से एक सितंबर से क्षेत्र के किसानों को अवलोकन करने के लिए कच्चे (रफ) पर्ची कैलेंडरों का वितरण किया जाएगा। किसी को इन कैलेंडरों में लगी गन्ना पर्चियों पर आपत्ति होगी तो उसके निदान को 11 सितंबर से 30 सितंबर तक अलग अलग दस तिथियों में किसान मेलों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें उनकी समस्याओं का निदान होगा।
एससीडीआई अमित कुमार पांडेय ने बताया कि 30 अगस्त तक ग्राम वार गन्ना सट्टा प्रदर्शन का कार्य पूरा करने के बाद एक सितंबर से किसानों को विभाग की ओर से घर घर जाकर कच्चे गन्ना पर्ची कैलेंडरों का वितरण होना है। जिसकी तैयारी विभाग की ओर से पूरी की जा रही है। जब किसान कैलेंडरों का अवलोकन करने के बाद आपत्तियां दर्ज कराएंगे, तो उनका निदान 11 सितंबर से 30 सितंबर तक क्षेत्र की गन्ना समितियों में लगने वाले दस किसान मेलों में अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। कैलेंडर बांटने का काम हरहाल में 10 सितंबर तक पूरा किया जाना जरूरी है। एससीडीआई ने किसानों से सहयोग की अपेक्षा की है। कहा कि जिन गांवों में गन्ना प्रदर्शन का काम चल रहा है वहां सही से आंकड़ों का अवलोकन कर लें। जिससे उनके सट्टे में किसी प्रकार की कोई त्रुटि न रह सकें।
अब तक 90 प्रतिशत गन्ना सट्टा प्रदर्शन का कार्य पूरा
एससीडीआई ने बताया कि गन्ना विभाग की ओर चल रहे ग्राम वार गन्ना सट्टा प्रदर्शन का कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। प्रदर्शन के दौरान करीब तीन हजार से ज्यादा आपत्तियां दर्ज हुई हैं। जिनका निस्तारण करा दिया गया है।