बिजनौर-कोतवाली खस्ताहाल हुआ मार्ग।
- फोटो : BIJNOR
कोतवाली मार्ग पर चलना मुश्किल, गड्ढों में पलट रहे वाहन
कोतवाली देहात। जिले में इन दिनों सबसे खराब सड़कों में बिजनौर कोतवाली मार्ग की गिनती हो रही है। कुछ जगह सड़क में गहरे गड्ढे हैं तो कुछ जगह हाईवे निर्माण केे डाली गई मिट्टी में वाहन फंसकर पलट रहे हैं। सड़क पर उड़ रही धूल और गड्ढों से सफर करना दूभर हो गया है। इस सड़क पर अब तक तीन वाहन गड्ढों में फंसने के कारण पलट चुके हैं।
बिजनौर से कोतवाली देहात तक हाईवे का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क को कई स्थानों से उखाड़ दिया गया है। कई स्थानों पर पुल का निर्माण होने के कारण सड़क को डायवर्ट कर दिया गया है। सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। अब तक तीन गाड़ियां पलट चुकी है। मंगलवार रात भी एक ट्रक पलट गया जिससे सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई थी। सड़क पर गहरे गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 25 किमी का सफर तय करने में डेढ़ घंटे से भी अधिक का समय लग रहा है। सड़क निर्माण होने के कारण सड़क पर बेहद धूल पसरी हुई है। धूल और गड्ढों की वजह से राहगीरों का चलना मुश्किल हो रहा है। दिनभर उड़ रही धूल के कारण दुपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। दैनिक यात्रियों को यात्रा करने में भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। गत दिनों हुई बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ हो गई थी जिससे नगीना बिजनौर मार्ग पर बांकपुर चौराहे के निकट एक बस पलट गई थी। एक सप्ताह पूर्व एक प्राइवेट वाहन भी पलट गया था। इसके अतिरिक्त एक मैजिक भी पलट गया था। मंगलवार रात ग्राम महेश्वरी जट के पास स्थित ओम फार्म हाउस के निकट भी एक गन्ने से भरा ट्रक पलट गया था जिससे काफी देर तक मार्ग अवरुद्ध रहा। दैनिक यात्रियों ने अति शीघ्र सड़क के निर्माण की मांग की है।
बिजनौर-कोतवाली रोड पर पुलिया निर्माण के चलते बनाया कच्चा मार्ग।- फोटो : BIJNOR