श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
नांगलसोती/नजीबाबाद। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर नांगलसोती गंगा घाट पर मां गंगा की आरती और पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने आस्था और विश्वास की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने पिंड दान और बच्चों के मुंडन कराकर मां गंगा से सुख समृद्धि की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर शुक्रवार को नांगलसोती गंगाघाट पर मुख्य स्नान था। उत्तराखंड के बाद नांगलसोती गंगा घाट पर लगने वाला यूपी की सीमा का यह पहला मेला है। कोरोना के चलते गत वर्ष गंगा स्नान मेले का आयोजन नहीं हुआ था, लेकिन इस बार क्षेत्रवासियों में मेले को लेकर काफी उत्साह दिखा। शुक्रवार को बड़ी संख्या में क्षेत्र व दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने गंगा घाट पर पहुंचकर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। मृतक पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए उनके परिजनों ने गंगा में पिंड दान किए। महिलाओं ने अपने बच्चों के मुंडन करा कर गंगा में खिचड़ी का प्रसाद चढ़ाया। मेला समिति, भाकियू, आरबीएस इंटर कालेज, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग ने गंगा स्नान मेले में शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की। एसडीएम मनोज कुमार सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, तहसीलदार गोपेश तिवारी ने गंगा स्नान मेले की व्यवस्थाओं पर पैनी निगाह रखी।
बच्चों ने लिया झूलों का आनंद, महिलाओं ने की खरीदारी
- गंगा घाट पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया। बच्चों ने जहां खिलौनों से सजी दुकानों और झूलों का आनंद लिया, वहीं महिलाओं ने मीना बाजार में जमकर खरीदारी की। मेले में चाट पकौड़ी के ठेलों पर लोगों की भीड़ रही। मेले में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मेले में लगे खोया पाया केंद्र ने बिछड़े बच्चों को उनके परिजनों से मिलवाया। इस अवसर पर मेला संरक्षक मो. फरमान, मेला अध्यक्ष मुन्ने खां, मेला इंचार्ज सिंधुराज, भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष कुलबीर सिंह, नीटू चौधरी, मो. उस्मान आदि का सहयोग रहा।
नांगलसोती गंगा घाट पर श्रद्घा और आस्था की डुबकी लगाते श्रद्घालु।- फोटो : NAZIBABAD
नांगलसोती में गंगा स्नान मेले में उमड़ी श्रद्घालुओं की भीड़।- फोटो : NAZIBABAD