गन्ना रेट पांच सौ रुपये की मांग को भाकियू का प्रदर्शन
धामपुर। भारतीय किसान यूनियन (अंबावत) की जिला स्तर की पंचायत धामपुर तहसील में हुई। पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाया गया। सरकार द्वारा पारित अध्यादेशों की निंदा की गई। किसानों ने गन्ने का रेट 500 प्रति क्विंटल के हिसाब से मांगा। चेताया कि मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन होगा।
तहसील परिसर में हुई बैठक में किसानों ने प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताते हुए नारेबाजी की। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली है। उनकी जमीन छीनने का प्रयास किया जा रहा है। महंगाई के अनुसार सरकार फसलों का सही रेट दिलाने में फेल है। इस दौरान किसानों ने उप जिलाधिकारी को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। जिसमें गन्ने का भुगतान मय ब्याज कराने, कृषि अध्यादेशों को रद्द करने, गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल दिलाने, गन्ना मूल्य भुगतान होने तक बिजली की बकाया वसूली रोकने, बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में किसानों की मदद करने और कर्जा माफ करने की मांग की गई है। पंचायत में मलकीत सिंह, शिव कुमार, जसवीर सिंह, निजामुद्दीन, वेदपाल, देवेंद्र त्यागी, आशु पठान, जावेद अख्तर, सुखबीर सिंह, टीकाराम, देवराज, संजीव प्रधान नीरज, तनवीर शाकिर सत्येंद्र रहे।