घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की लें जानकारी : डीएम
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने कहा शासन के निर्देश पर एक से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। कहा महामारी के चलते इस बार आशा कार्यकत्री घर-घर जाकर बुखार के रोगियों के साथ खांसी एवं सांस लेने में परेशानी के लक्षण के रोगियों के विषय में भी जानकारी लें। इसकी सूचना निर्धारित प्रारूप पर ब्लॉक मुख्यालय को प्रेषित करेंगी। इसके साथ ही फरवरी माह से अगस्त 2020 के बीच नियमित टीकाकरण के जो सत्र महामारी के चलते आयोजित नहीं हो सके उन बच्चों को सूचीबद्ध कर सभी का टीकाकरण अवश्य कराएं।
सोमवार को जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय विकास भवन के सभागार में आयोजित राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचारी रोग नियंत्रण अभियान के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संचालित करने के उद्देश्य से संबंधित अफसरों को निर्देशित कर रहे थे। संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए योजना के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए हैं। कहा इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, नगर निकाय सहित अन्य संबंधित विभागों को शामिल किया गया है, जिससे जिले से संचारी रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि रोगों पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।
डीएम ने स्वास्थ्य अफसरों को निर्देश दिए कि एएनएम एवं आशाओं को अपने स्तर से निर्देशित करें कि वे अपने कार्य क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव, नोडल अधिकारी/जिला मलेरिया अधिकारी बृजभूषण, परियोजना निदेशक विजय प्रकाश श्रीवास्तव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शैलेश जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।