मौलाना कलीम के केस की सीबीआई जांच की मांग
बिजनौर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता विधायक आराधना मिश्रा व पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने व मौलाना कलीम सिद्दीकी पर कार्रवाई होने के खिलाफ प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में देकर मामलों की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
कांग्रेेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा कि प्रतापगढ़ के सांगीपुर में गरीब कल्याण मेले में सम्मिलित होने गईं विधायक आराधना मिश्रा व पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी के खिलाफ प्रशासन व सरकार ने मुकदमा दर्ज करा दिया। कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार अपने कारनामे छुपाने के लिए कांग्रेस नेताओं पर रिपोर्ट दर्ज करा रही हैं। कहा कि कांग्रेस ऐसे आचरण की निंदा करती है। कहा कि मौलाना कलीम सिद्दीकी को सरकार की मिली भगत से धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर गिरफ्तार किया गया है और उन्हें अनैतिक प्रताड़ित किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने विधायक व पूर्व सांसद पर दर्ज केस वापस लेने और मौलाना कलीम सिद्दीकी के मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान, सुधार पाराशर, बाबू डूंगर सिंह, मुनीश त्यागी, जिला महासचिव नजाकत अल्वी, पूर्व मंत्री ओमवती देवी, मीनू गोयल, पूर्व विधायक सतीश कुमार गौतम, गुलशन कुमार, हाजी सलीम अंसारी, इकबाल अहमद आदि मौजूद रहे।