28 से आयोजित होगा दीपावली रोजगार मेला
नजीबाबाद। रोजगार को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए नगरपालिका परिषद दीपावली रोजगार मेला आयोजित करेगी। 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक रामलीला ग्राउंड में मेले का आयोजन किया जाएगा।
शासन के निर्देश पर नगरपालिका परिषद के नेतृत्व में 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक फुटपाथ कारोबारियों सहित लघु उद्यमियों को रोजगार देने के लिए दीपावली रोजगार मेला आयोजित होगा। एसडीएम परमानंद झा, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, ईओ नगरपालिका परिषद वीपी सिंह के नेतृत्व में नगरपालिका परिषद सभागार में मेला आयोजन की बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़े फुटपाथ कारोबारियों, लघु उद्यमियों को दीपावली के अवसर पर रोजगार देने के लिए 28 अक्तूबर से तीन नवंबर तक प्रतिदिन अपराह्न तीन से रात नौ बजे तक रोजगार मेला लगाने का निर्णय लिया गया। एसडीएम परमानंद झा ने बताया कि दीपावली रोजगार योजना में सांस्कृतिक विरासत को कायम रखने और प्रतिभा प्रोत्साहन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सरकारी योजनाओं के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बैठक में नगरपालिका परिषद के राजस्व निरीक्षक विपिन चौहान, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार, व्यापारियों की ओर से संजीव अग्रवाल, सचिन गुप्ता, आयुष अग्रवाल, शुएब आदि ने भाग लिया।