हल्दौर। बालकिशनपुर चौराहे के निकट हल्दौर-गंज मार्ग स्थित एक गन्ने के खेत में मंगलवार की शाम को युवक का शव पड़ा हुआ मिला। आसपास के खेत पर काम कर रहे किसानों ने शव की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। बाद में मृतक की पहचान दीपक (27) पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी गांव बागपुर पमडाबली, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि दीपक ट्रैक्टर-ट्रॉला से सीमेंट ढुलाई का कार्य करता था। वह लक्सर से सीमेंट लेकर हल्दौर आया था, जिसके बाद उसका शव खेत में मिला।
घटना की सूचना पर सीओ सिटी अभय कुमार पांडे, थाना प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार सिंह तथा फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच की।
घटनास्थल के निकट से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को देखते हुए युवक की करंट लगने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। सीओ सिटी अभय कुमार पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत होने की आशंका है। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।