बिजनौर। जिला कृषि, औद्योगिक व सांस्कृतिक प्रदर्शनी के अंतर्गत रविवार रात शब्बीर नाइट का आयोजन किया गया। फिल्मी गीतकार शब्बीर कुमार ने अपने गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इंदिरा बाल भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक रुचि वीरा, चेयरमैन फरीद अहमद ने किया। आगाज शब्बीर कुमार ने मुबारक हो तुमको ये हज का महीना गीत से किया। सन्नी देओल की पहली फिल्म बेताब के गीत पर्वतों से आज मैं टकरा गया सुनाकर उन्होंने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मुझे पीने का शौक नहीं पीता हूं गम भूलाने को गीत गाकर उन्होंने दर्शकों पर जादू सा चला दिया।
जूनियर महमूद ने अपने चुटकुलों से जनता को हंसा हंसाकर लोटपोट कर दिया। भावना पंडित ने सुनाई देती है दिल की धड़कन तथा चांदनी ने सनम तू बेवफा के नाम से मशहूर हो जाए गीत गाए। शब्बीर कुमार के भाई मुहिद अहमद ने जीने की तमन्ना हो तुम मेरी जरूरत हो तथा भावना पंडित के साथ ओ हसीना जुल्फों वाली जाने जहां गीत गाए। भावना पंडित व चांदनी ने साथ मिलकर हंसता हुआ नूरानी चेहरा गीत गाया।
लाफ्टर चैंपियन फेम अशोक मिश्रा ने नेताओं पर चुटकुले सुनाकर सभी को गुदगुदाए रखा। कार्यक्रम अध्यक्ष सभासद नूरजहां और संयोजक अंसार अहमद रहे। कार्यक्रम दो बजे तक चला।