मौके पर पड़ा तमंचा और कारतूस के खोखे।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में रंजिश को लेकर बिजनौर के एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मुजफ्फरनगर के युवक पर गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना के बाद एसपी ने पुलिस फोर्स के साथ मौका मुआयना किया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। मृतक के दोस्त की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। मुजफ्फरनगर के थाना मंडी के गांव कूकड़ा निवासी पुष्पेंद्र राठी (35) पुत्र रविंद्र राठी बिजनौर में चेन्नई की आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस कंपनी में पिछले एक साल से काम करता था। फाइनेंस कंपनी का कार्यालय नगीना रोड स्थित ज्ञान विहार कॉलोनी में ऋषिपाल सिंह के मकान में है। उसी मकान में पुष्पेंद्र राठी अपने अन्य साथी शानू, सोनू, विपिन कुमार के साथ किराए पर रहता था।
पुष्पेंद्र का साथी विपिन कुमार बिजनौर के एक निजी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर है। विपिन के मुताबिक मंगलवार शाम चार बजे पड़ोस में स्थित वाटर प्लांट का मालिक कोतवाली शहर के गांव सालमाबाद निवासी अंकुर अपने दो अन्य साथियों के साथ उनके मकान पर आया। जब उसने मकान का दरवाजा खुलवाया तो उसने ही मकान का दरवाजा खोला। अंकुर मकान में आते ही पुष्पेंद्र के कमरे में पहुंचकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। जब पुष्पेंद्र ने इसका विरोध किया तो अंकुर ने तमंचे से पुष्पेंद्र पर लगातार पांच फायर झोक दिए और वहां से साथियों के साथ फरार हो गया। गोली लगने से मौके पर ही पुष्पेंद्र की मौत हो गई। गोलियों की आवास सुनकर पड़ोसियों की भीड़ मौके मकान पर लग गई।
विपिन का आरोप है कि करीब बीस दिन पहले अंकुर रात को उनके मकान का दरवाजा खुलवाने आया था, तब पुष्पेंद्र ने दरवाजा खोलने से मना कर दिया था। तभी से अंकुर, पुष्पेंद्र से रंजिश रखने लगा था। इसी कारण अंकुर ने पुष्पेंद्र को मार डाला। घटना के बाद एसपी प्रभाकर चौधरी व सीओ गजेंद्र सिंह ने मौके का मुआयना किया। पुलिस को मौके से तीन खाली कारतूस व एक 315 बोर का तमंचा मिला है। इन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अंकुर के साथी विपिन की ओर से पुलिस को घटना की तहरीर दी जा रही है। शाम को मृतक पुष्पेंद्र के परिजन भी थाने पहुंच गए थे। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह के मुताबिक पुष्पेंद्र के साथी विपिन ने गांव सालमाबाद निवासी अंकुर पर पुष्पेंद्र की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।