बिजनौर के हीमपुरदीपा के गांव हरिनगर में रंजिश में युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक युवक के भाई की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव हरिनगर निवासी गुड्डू पुत्र भारत का सोमवार शाम गांव के पास एक्सीडेंट हो गया था। इसकी खबर लेकर गांव के ही जोगेंद्र सिंह, प्रेम सिंह व प्रमोद, जीत सिंह आदि लौट रहे थे। ये आपस में रिश्तेदार है।
किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। गांव में जीत सिंह सैनी के घर के सामने पहुंचे। इस पर जीत और उसके बेटे प्रमोद आदि परिजनों ने प्रेम सिंह व जोगेंद्र सिंह को पकड़ लिया और लाठी डंडों से प्रहार कर दिया।
प्रेम सिंह और जोगेंद्र सगे भाई हैं। आरोपियों ने मारपीट करते जोगेंद्र को घर में खींच लिया। प्रेम सिंह के सिर पर चोट लगी देख आरोपियों ने उसे छोड़ दिया। आनन -फानन में उसे स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
पुलिस ने प्रेम के भाई रवि की तहरीर पर दो लोगों जीत सिंह सैनी और उसके बेटे प्रमोद के खिलाफ हत्या का रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश में हत्या का मामला लगता है।