धामपुर में सपा सरकार के कार्यकाल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान निर्वाचित पंचायत सदस्यों का अपहरण करने के आरोप में वांछित चल रहे सपा के पूर्व सांसद, पूर्व जिलाध्यक्ष व एक अन्य के खिलाफ 30 जून को कोर्ट में हर हाल में हाजिर होने के समन जारी कर दिए हैं। पुलिस ने बताया कि यह समन पौड़ी गढ़वाल मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से जारी हुए हैं, जिसमें 30 जून को हाजिर होने का आदेश दिया है।
जिला पंचायत चुनाव में सपा समर्थित नसरीन सैफी को अध्यक्ष बनाने के लिए सपा के पूर्व सांसद यशवीर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद, जिला सहकारी बैंक के सभापति अमित प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य कपिल गुर्जर सहित कई सपाइयों ने ऋषिकेश के होटल में रुके कई पंचायत सदस्यों को मारपीट कर अपहरण किया था। इस मामले में पीड़ितों ने ऋषिकेश के मुनिकीरेति थाने में अपहरण व मारपीट की रिपोर्ट कायम कराई थी।
पुलिस ने इस मामले में कई बार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन हत्थे नहीं चढ़े। ऐसे में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पौड़ी गढ़वाल ने पांच मई को समन जारी किए हैं, जिनमें सभी आरोपियों से तीन जून को अदालत में हाजिर होने का आदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को समन तालीम कराने का प्रयास किया जा रहा है।