घायल व्यापारी से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में तीन बदमाशों ने लोहे की रॉड से हमला कर किराना के व्यापारी से दो लाख, 40 हजार और एक लैपटॉप लूट लिया। हमले में लहूलुहान हुए व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, लोगों ने एक बदमाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो फरार हो गए।
शहर की नीलकमल कॉलोनी रोड निवासी राजीव अग्रवाल किराना के थोक व्यापारी है। शनिवार शाम करीब 8:15 बजे वे दुकान बंद कर अपने घर जा रहे थे। सिविल लाइन स्थित पंजाब एंड सिंध वाली गली में अपने घर के सामने पहुंचे ही थे, तभी बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने व्यापारी राजीव अग्रवाल के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें व्यापारी राजीव अग्रवाल लहूलुहान हो गए। इसी दौरान तीनों बदमाश व्यापारी के हाथ से बैग छीनकर भाग निकले।
यह भी पढ़ें: दर्दनाक वारदात: दुष्कर्म पीड़ित छात्रा ने तोड़ा दम, मां को सुनाई थी आपबीती, सुनकर उड़ गए थे अफसरों के होश
बताया गया कि बैग में 2,40, 000 नगद, एक लैपटॉप और एक पेनड्राइव रखी हुई थी। लूट के तुरंत बाद मौके पर मोहल्ले वालों की भीड़ जमा हो गई। व्यापारी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लूट की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह, एएसपी सिटी डॉक्टर प्रवीण रंजन सिंह, सीओ सिटी डॉ. कुलदीप गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें: खौफनाक सच: ससुर ने पहले बहू पिंकी को लात-घूंसों से पीटा, फिर कटर से किए थे ताबड़तोड़ वार, ऐसे खुला राज
बताया जा रहा है कि लूट करने वालों में व्यापारी के यहां काम करने वाले नौकर पर भी शक जाहिर किया जा रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। उधर, भीड़ ने एक बदमाश को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टीम बदमाशों की तलाश कर रही है।