नूरपुर में महिला को घर में अकेली पाकर पड़ोसी ने चाकू की नोंक पर उसके साथ दुराचार किया। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं होने से महिला डिप्रेशन में आ गई। परिजनों ने पीड़ित महिला को उपचार के लिए मानसिक रोगियों के अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटना करीब 13 दिन पुरानी है। महिला के पति के मुताबिक रक्षाबंधन पर वह अपने साले के पास दिल्ली गया था। 21 अगस्त की रात उसकी पत्नी को घर में अकेली पाकर पड़ोस का एक व्यक्ति घर में घुस आया। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ चाकू के बल पर दुराचार किया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई। तीन दिन बाद वह दिल्ली से लौटा तो पत्नी ने उसे आपबीती बताई। इसके बाद वह 26 अगस्त को पत्नी को लेकर थाने पहुंचा। उसने पुलिस से इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई। पुलिस ने उस दिन नूरपुर में रामडोल का जुलूस निकलने की बात कहकर उसे अगले दिन आने को कह दिया। अगले दिन वह थाने पहुंचा। आरोप है कि पुलिस ने उससे जबरन छेड़छाड़ की तहरीर लेकर थाने से भगा दिया। अपने साथ हुई घटना व आरोपी के विरुद्ध कोई कार्रवाई न होने से उसकी पत्नी अवसाद में आ गई। हालत गंभीर होने पर उसे मानसिक रोगियों के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
उसने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह के मुताबिक महिला पति के साथ थाने आई थी। पूछताछ में दोनों ने दुराचार की घटना से इंकार किया था और छेड़छाड़ की तहरीर दी थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।