जितेंद्र राणा को पकड़कर ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में आत्महत्या की चेतावनी देने वाले निलंबित सभासद जितेंद्र राणा को शनिवार को 11 बजे पुलिस ने एसपी सिटी कार्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाने से जितेंद्र राणा को पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ा गया। जितेंद्र राणा ने मामले की जांच न होने पर फिर से आत्मदाह की बात कही है ।
सभासद जितेंद्र राणा ने 17 मार्च को एडीएम प्रशासन राममूर्ति मिश्रा को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में उन्होंने नगर पालिका प्रशासन पर पंजाबी मार्केट, गांधी पार्क की दुकानों की छतों की नीलामी हमसाज होकर कम कीमत पर करने का आरोप लगाया था। उन्होंने पालिका प्रशासन पर एससी-एसटी, ओबीसी के आरक्षण कोटे का लाभ न दिए जाने का भी आरोप लगाया था।
उन्होंने मामले की जांच न होने पर 19 मार्च को कलक्ट्रेट में आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी थी। शनिवार को डीएम ऑफिस से लौट रहे जितेंद्र राणा को पुलिस ने एसपी सिटी ऑफिस के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जितेंद्र राणा को थाने ले गई। बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया। निलंबित सभासद जितेंद्र राणा के मुताबिक डीएम वीके आनंद के जिले से बाहर होने के कारण व होली पर्व के बाद डीएम के सामने वे आत्मदाह करेंगे।