बिजनौर के हल्दौर में टेंपो में बैठे एक व्यापारी के 25 हजार रुपये नकद और कीमती आभूषण दो उचक्के उड़ा ले गए। व्यापारी ने पुलिस से शिकायत की तो उसने पूछताछ के लिए चालक को पकड़ लिया। चालक को छोड़ने की मांग को लेकर थ्री-व्हीलर चालकों ने हड़ताल कर दी।
नगीना थाना क्षेत्र के गांव भूरापुर निवासी उस्मान मुंबई में व्यापारी है। वह बुधवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे परिजनों के साथ गढ़वाल एक्सप्रेस से हल्दौर रेलवे स्टेशन पर पहुंचा।
व्यापारी ने बताया कि उसने गांव जाने के लिए स्टेशन से एक थ्री-व्हीलर नहटौर तक के लिए बुक किया था। सामान उसने छत पर रखा और परिजनों संग थ्री-व्हीलर में बैठ गया। चालक ने रास्ते से दो सवारियों को थ्री-व्हीलर के पीछे खड़ा कर दिया। रास्ते में ही एक कहीं उतर गया।
नहटौर पहुंचने पर व्यापारी ने अपने बैग का ताला टूटा देखा। उसने बैग चैक किया तो 25 हजार रुपये की नकदी व सोने, चांदी के आभूषण गायब थे।
व्यापारी ने थ्रीव्हीलर चालक से कहा कि जब उन्होंने वाहन बुक किया था तो उसने अन्य सवारियां क्यों बैठाईं। उन्हीं ने उनका सामान गायब कराया है। पीड़ित ने शिकायत नहटौर पुलिस से की, लेकिन उसने घटना को हल्दौर की बताते हुए वहां जाने को कहा।
हल्दौर पुलिस ने पूछताछ के लिए चालक को पकड़ लिया। इसकी सूचना मिलते ही थ्री-व्हीलर यूनियन अध्यक्ष महेश कुमार, मुंशी भयंकर सिंह, हरिओम, बलजीत आदि ने चालक को झूठा फंसाने की बात करते हुए हड़ताल शुरू करा दी।
इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र का कहना है कि चालक को अभी पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। थ्रीव्हीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश कुमार ने कहा कि चालक को छोड़ने तक हड़ताल जारी रहेगी।