बिजनौर के मंडावर में चढ़त के दौरान नाचने पर बारातियों और गांववालों में विवाद हो गया। गांववालों ने बारातियों को जमकर पीटा। दूल्हे का भाई बीएसएफ कांस्टेबिल व उसका साथी गंभीर घायल हो गए। कुछ संभ्रांत लोगों ने किसी तरह मामला निपटाया।
दुल्हन के चाचा ने दस गांव वालों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। शनिवार को नजीबाबाद क्षेत्र के गांव गाजीपुर निवासी दूल्हे भूपेंद्र की बारात गीदड़पुरा में सोमपाल सिंह के यहां आई थी। दोपहर को बाराती चढ़त में नाच रहे थे। कुछ गांववाले भी चढ़त में शामिल होकर नाचने लगे।
इसका बारातियों ने विरोध किया। आरोप है कि इस पर गांववालों ने बारातियों से अभद्रता करते हुए उनको लाठी-डंडों से जमकर पीटा। कई बारातियों के चोट आईं। दूल्हे के भाई गजेंद्र व उसके साथी अंकित के सिर में गंभीर चोट आई हैं। बुजूर्ग व संभ्रांत लोगों ने किसी तरह मामला निपटाया।
विवाद शांत होने के बाद विवाह की बाकी रस्म शुरू की गईं। दूल्हन के चाचा प्रदीप कुमार ने गांव के दस लोगों के नाम पुलिस को नामजद तहरीर दी है।