कासमपुरगढी में डकैती के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के कासमपुरगढ़ी में पांच नकाबपोश बदमाशों ने गांव कासमपुर गढ़ी में दंपति को गन प्वाइंट पर लेकर करीब 20 हजार की नकदी समेत तीन लाख के सोने चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट भी की।
गांव कासमपुरगढ़ी में निवासी निसार अहमद ने बताया कि मंगलवार की रात वह और उसकी पत्नी जमीरन सोए हुए थे। करीब 12 बजे पांच नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए और उसे एवं उसकी पत्नी को गन प्वाइंट पर ले लिया। दोनों को एक कमरे में लेकर जाकर बंद कर दिया।
बदमाशों ने घर में करीब एक घंटे तक लूटपाट की। घर में रखे 20 हजार की नकदी, आठ तौले सोने के जेवर और दो किलो चांदी के जेवर समेट लिए। शोर मचाने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की, जिसमें उन्हें काफी चोटें आई है।
जमीरन ने बताया कि बदमाशों ने घर में घुसते उसका मोबाइल भी कब्जे में ले लिया। लूट के बाद बदमाश उन्हें बंधक मुक्त कर गए। साथ ही धमका गए कि यदि किसी ने पुलिस में शिकायत की तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। घटना की सूचना पुलिस दी गई है।
उधर, कोतवाल राजकुमार शर्मा ने ऐसी किसी वारदात के संज्ञान में होने से इंकार किया है। बताया कि यदि तहरीर मिलेगी तो पुलिस मामले की जांच करने के बाद कार्रवाई करेगी।