चांदपुर में हत्या के खुलासे की मांग को लेकर थाने के सामने प्रदर्शन करते भाजपाई एवं परिजन।
चांदपुर में श्रीराम कॉलोनी निवासी युवक की बुधवार की रात में गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के दो तहेरे भाइयों के खिलाफ हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि इस वारदात को प्रॉपर्टी के विवाद में अंजाम दिया गया है। उधर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने पर प्रदर्शन पर हत्या के सही खुलासे की मांग की है।
मोहल्ला चिम्मन श्रीराम कॉलोनी निवासी रामरतन हलवाई है। उसका 20 वर्षीय पुत्र रोहित ग्रामीण क्षेत्र में ठेला लगाता था। वह जलेबी बेचता था। बुुधवार की रात में रोहित की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने उसके शव को गांव स्याऊ के रास्ते में तालाब के पास फेंक दिया। बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सीएचसी स्याऊ पहुंचाया। कोतवाली निरीक्षक फतेह सिंह ने बताया कि मृतक के भाई सोमनाथ की तहरीर पर उसके तहेरे भाई सुरदीप व गौतम पुत्रगण ताराचंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि मृतक के ताऊ राजू ने उसे गोद ले रखा था। ताऊ के कोई संतान नहीं थी। ताऊ उसे मकान देना चाहते थे। रोहित जब भी ताऊ के घर जाता था तो उसके दूसरे तहेरे भाई उसके साथ मारपीट भी करते थे। वे नहीं चाहते थे कि रोहित ताऊ राजू के घर आए। पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश के चलते दोनों तहेरे भाइयों ने मिलकर रोहित की हत्या कर दी। युवक के शरीर पर धारदार हथियार के निशान थे।
उधर, भाजपा नेता धनौरा नगरपालिका चेयरमैन राजेश सैनी, भाजपा नेता मनोज कुमार आदि ने परिजनों व मोहल्लेवासियों के साथ थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हत्या के मामले में दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस ने मृतक के नाबालिग भाई सोमनाथ से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की है। भाजपाइयों ने हत्या के सही खुलासे की मांग की है।