बिजनौर। सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की खासपुरा ब्रांच का सस्पेंस अकाउंट हैक कर एक करोड़ 39 लाख रुपये ट्रांसफर करने के मामले में पुलिस गहन जांच में लगी है। पुलिस के अनुसार प्लानिंग से हैकिंग को अंजाम दिया। खाते से दस लाख रुपये निकालने वाले शाहनू कुमार ने पुलिस से संपर्क नहीं किया।
11 सितंबर को खासपुरा शाखा का अकाउंट हैक कर उससे आवास विकास कॉलोनी की शाखा में खाताधारक शाहनू कुमार के खाते में 25 लाख, जिला मुजफ्फरनगर की शाखा चरथावल के खाता धारक अमित कुमार पुत्र रमेश निवासी 98, लोहारी चरथावल के खाते में दो बार 45- 45 लाख रुपये और बिजनौर की आवास विकास के ब्रांच के ही खाताधारक शशांक कुमार पुत्र विजेंद्र सिंह निवासी गांव पपावर खुर्द उर्फ बगीची के खाते में भी 24 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
कुल मिलाकर एक करोड़ 39 लाख रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए। जिले में अपनी तरह के पहले मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। पुलिस जांच में कुछ तथ्य भी सामने आ रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक शाहनू कुमार ने दो माह पहले ही एक हजार रुपये से बैंक में खाता खुलवाया था। खाते में अभी भी एक हजार रुपये ही थे। उसने 25 लाख रुपये आने पर बैंक को अवगत नहीं कराया और दस लाख रुपये निकाल लिए। घटना का पता चलने के तीसरे दिन भी शाहनू कुमार ने पुलिस या बैंक अधिकारियों से संपर्क नहीं किया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस हिमांशु और अमित कुमार से भी पूछताछ करेगी।
शहर कोतवाल अजय कुमार गौतम के मुताबिक पुलिस मामले की तह तक जाने में लगी है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
चेक बाउंस में महिला को छह माह का कारावास
बिजनौर। सीजेएम महेशानंद झा ने चेक बाउंस के मामले में आरोपी महिला संगीता देवी को छह माह के कारावास व 55 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने आदेश दिया है कि अर्थदंड की राशि में से 50 हजार रुपये शिकायतकर्ता नीरज गौड़ को दिए जाएं।
मोहल्ला शंभा बाजार निवासी नीरज गौड़ उर्फ पिंटू ने अदालत में दाखिल वाद में कहा था कि उनसे मोहल्ला जाटान निवासी नरेश वाल्मीकि की पत्नी संगीता देवी ने 50 हजार रुपये आठ नवंबर 2012 को कारोबार के सिलसिले में उधार लिए थे।
आठ दिसंबर 2012 को संगीता देवी ने इलाहाबाद बैंक का 50 हजार रुपये का चेक उसे दिया। जो दस दिसंबर 2012 को विदुर ग्रामीण बैंक में भुगतान के लिए डालने पर बाउंस हो गया।