बिजनौर में पुलिस ने जज समेत तीन घरों में चोरी करने वाले गैंग को दबोचा है। गैंग से पुलिस ने चोरी के जेवरात , नगदी समेत अन्य सामान को बरामद किया है।
एसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को ईदगाह रोड पर बाग में ट्यूबवेल के पास चोरी का माल बेचते हुए कुछ युवकों को पकड़ा। इनमें बिजनौर के मोहल्ला जाटान निवासी गुलजार, शहजाद, नहटौर के मोहल्ला नौधा निवासी सरफराज और बिजनौर की सिविल लाइन निवासी सर्राफ राकेश शामिल हैं। पूछताछ में पता चला कि यह गैंग दिन में घूमकर ताला लगे घरों को चिह्नित करता है। रात में उन घरों में ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।
एसपी ने बताया कि गैंग ने 10 अगस्त की रात बिजनौर के मोहल्ला नई बस्ती में एडवोकेट नरेंद्र कुमार बंसल के घर में, 21 अप्रैल को रात मोहल्ला नई बस्ती में मनोरंजन शर्मा के घर में और 27 अगस्त को संचार विहार कालोनी में एसीजेएम उदयवीर सिंह के मकान का ताला तोड़कर चोरी करना कबूल किया है। पकड़ा गया राकेश सराफ है जो चोरी के सामान को खरीदता था। पुलिस ने चोरों ने 15000 रुपये की नगदी, जेवर और अन्य माल सहित करीब पांच लाख रुपये का सामान बरामद किया है। वहीं एसपी के मुताबिक गैंग चोरी करने के तुरंत बाद सर्राफ राकेश के मोबाइल पर संपर्क करता था।
तीनों चोरी में गैंग के सदस्यों से चोरी का माल बेचने के लिए राकेश से संपर्क साधा। सर्विंलांस के जरिए पुलिस गैंग तक पहुंच गई। एसपी के मुताबिक राकेश गैंग से मिलकर शहर में चोरी की घटनाओं को अंजाद दिला रहा था।
पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा
पुलिस के अनुसार गुलजार के पास से एक तमंचा दो कारतूस के साथ चोरी की तीन जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछुए एक प्लेट, तीन चांदी के सिक्के, चांदी की गणेशजी की मूर्ति,एक सोने की चेन, दो अगूंठी, एक कंगन, एक लौंग, घडी, पासपोर्ट,12000 रुपये, शहजाद के पास से एक जोडी सोने के टाप्स, चांदी की एक प्लेट,एक गिलास, दो सिक्के, दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछुए, पासपोर्ट घडी व 18000 रूपये, सरफराज से चांदी के दो दीपक, एक चम्मच,दो सिक्के, एक मूर्ति लक्ष्मी जी की तीन जोड़ी बिछुए, एक जोडी मोती के टॉप्स, दो कंगन,एक सेट आर्टिफिशियल व 15000 रूपये नगद,राकेश के पास से एक जोड़ी पायल ,एक अंगूठी, एक कंगन, एक कछुआ पीतल का बरामद किया है। गैंग से बरामद सामान की कीमत पांच लाख बताई जा रही है। गेंग का सरगना गुलजार अमरोहा में हिस्ट्रीशीटर है। वहां से हत्या में पकडा़ जा चुका है। बिजनौर से भी गुलजार हत्या में जेल गया है। एसपी ने गैंग का दबोचने वाली पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा की है।
पूरा माल नहीं मिलने पर दी आत्मदाह की धमकी
पुलिस ने एक अफसर को खुश करने के लिए चोरी के खुलासे में खेल कर दिया। गैंग से बरामद चोरी के माल का बड़ा हिस्सा एक अफसर के घर का चोरी का बता दिया। मनोरंजन शर्मा के घर से करीब 20 तोले सोने के जेवर व दो लाख की नगदी चोरी की थी। अब पुलिस ने केवल 50 हजार रुपये की मनोरंजन शर्मा की चोरी की बरामदगी दिखाई है। इस बात से नाराज होकर मनोरंजन शर्मा पत्नी समेत पुलिस लाइन तेल की केन लेकर पहुंच गए। चोरी का सही खुलासा न होने पर आत्मदाह करने की धमकी दी। मनोरंजन शर्मा बाद में एसपी से मिले। कहा कि नहटौर के सराफ ने उनकी यहां हुई चोरी का माल खरीदा है। पुलिस ने सराफ के पिता को पकड़ने के बाद छोड़ दिया। दो दिन में अगर उनकी चोरी का सारा माल बरामद न हुआ तो वह आत्मदाह कर लेंगे। एसपी ने पुलिस को नहटौर के सराफ को पकड़कर चोरी का माल बरामद करने के निर्देश दिए, तब जाकर मनोंरजन शर्मा वहां से गए।