हल्दौर के गांव पैजनिया में बंद पड़ी ठगी के आरोपी की दुकान।
- फोटो : अमर उजाला
हल्दौर में विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक ठग ने कई लोगों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा ठग लिए। इसके बाद ठग गांव पैजनिया से अपना कार्यालय बंद कर फरार हो गया। ठगी के शिकार लोगों ने बंद कार्यालय के सामने जमकर हंगामा किया। इसके बाद इन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है।
नहटौर थाना क्षेत्र के गांव मीमला मुस्तफाबाद निवासी दानिश ने गांव पैजनियां के चौराहे पर विदेश में नौकरी दिलाने का कार्यालय खोल रखा था। पीड़ितों के अनुसार, उसने क्षेत्र के कई युवाओं से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम ले रखी थी। युवा विदेश में नौकरी न लगने पर अपनी रकम लेने के लिए कई दिन से कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। दानिश उन्हें रोज नए बहाने बनाकर टरकाता रहा। वह तब भी युवकों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देता रहा।
लोगों ने बताया कि कई दिन पहले दानिश अपना किराये का कार्यालय बंद करके फरार हो गया और अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। दानिश के फरार होने की सूचना पाकर शनिवार शाम ठगी के शिकार लोगों की भीड़ दानिश के कार्यालय के सामने जमा हो गई। पीड़ितों ने कार्यालय के सामने जमकर हंगामा किया। इसके बाद पीड़ित रासू त्यागी, विदित त्यागी, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद शादान, मोहम्मद हुसैन आदि अनेक लोग थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी दानिश के खिलाफ पुलिस में तहरीर देकर रिपेार्ट दर्ज करके कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों ने तहरीर में कहा कि ठग ने वीजा बनवाने के नाम पर उनके पासपोर्ट भी ले रखे हैं। पुलिस ठग की तलाश कर रही है।