नजीबाबाद। मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर के दौरान एक युवक का लैपटॉप व कपड़ों का बैग चोरी हो गया। युवक के जहरखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका है।
उत्तराखंड के दुगड्डा निवासी जगदीश का युवा पुत्र गौरव दिल्ली में रहकर स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। दिल्ली से घर आने के लिए बृहस्पतिवार रात वह दिल्ली से मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुआ।
नजीबाबाद से कुछ पहले उसका लैपटॉप और सामान का बैग चोरी हो गई। गौरव ने बताया कि उसके साथ जो लोग सफर कर रहे थे, उन्हें उसने काफी तलाशा, मगर उनका कोई सुराग नहीं लगा।
गौरव ने बताया कि सफर में उसके साथ क्या हुआ, उसे कुछ याद नहीं। संयोग से उसकी जेब में रखी नकदी बच गई। गौरव ने जीआरपी चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने गौरव का बैग गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन में जहरखुरानी गिरोह के लोग पूर्व में कई यात्रियों को अपना शिकार बना चुके हैं। गौरव के भी ऐसे ही गिरोह का शिकार होने की आशंका है।